रांची। रांची पुलिस और लखनऊ आर्मी इंटेलीजेंस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते चार महिलाओं सहित छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 11.27 ग्राम ब्राऊन शुगर, 90 हजार रुपये, छह मोबाइल, एल्यूमिनियम फॉयल का एक रोल, तीन एटीएम कार्ड और एक अधार कार्ड बरामद किया है।

गिरफ्तार तस्करों में रांची के गोंदा थाना निवासी आरती देवी, शुगन देवी, मुंबई के शांताक्रुज निवासी नीतु नन्द किशोर, नन्द किशोर मिस्त्री, रांची के लालपुर थाना निवासी पृथ्वी कुमार और लोहरदगा के कुडू थाना निवासी प्रियंका कुमारी शामिल हैं।

एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बारियातू क्षेत्र के रामेश्वरम लेन के पास कुछ लोगों के जरिये ब्राऊन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद सदर डीएसपीसंजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेन्स की ईकाई के साथ उस स्थान का घेराबंदी कर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कमरे में मौजूद सभी छह लोग, जिसमें चार महिला और दो पुरुष ब्राऊन शुगर के पाउडर को एल्यूमिनियम फॉयल में लपेट कर छोटी-छोटी पुड़िया बना रहे थे। इसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में बरियातू थाना प्रभारी सुरेश मंडल, भानु कुमार भारती, लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेन्स की ईकाई, रेणुका टुडू, सुषमा कुमारी, शिवानी कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version