हजारीबाग। चौपारण थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात जीटी रोड स्थित सिंघरावां मोड़ से करीब 200 मीटर दूर लराही रोड स्थित ज्वेलरी दुकान संचालक राजेश कुमार के घर में पांच नकाबपोश अपराधी हथियार के साथ घुसे। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाकर लगभग 15 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दुकान संचालक राजेश कुमार के अनुसार, रात करीब एक बजे पांच अपराधी घर के पीछे रखी सीढ़ी के सहारे पिछले दरवाजे से अंदर दाखिल हुए। इसके बाद छत के ऊपर कमरे में सो रहे उनके बेटे निखिल की कनपटी पर पिस्टल रखकर उसे अपने माता-पिता को जगाने के लिए कहा।अपराधियों ने परिवार के सभी सदस्यों को हॉल में एकत्रित कर उनके हाथ-पैर बांध दिए और तिजोरी की चाबी मांगने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई।

अपराधियों ने घर और सामने स्थित ज्वेलरी दुकान में रखे लॉकर और अलमारी खुलवाए। इसके बाद वहां रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवरात अपने कब्जे में ले लिए। अपराधियों ने परिवार के सदस्यों के गले में पहने जेवरात भी उतरवा लिए। करीब एक से डेढ़ घंटे तक लूटपाट करने के बाद सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर अपराधी मौके से फरार हो गए।

बताया गया कि सभी अपराधियों ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था और उनके पास पिस्टल और चाकू थे। घटना के दौरान अपराधी परिवार के दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। बाद में एक मोबाइल कुछ दूर पर फेंक दिया , जबकि दूसरे मोबाइल को गुरपा-गझंडी क्षेत्र में ले जाकर स्विच आॅफ कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। बरही सीडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी ली। उनके साथ चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार भी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version