पटना : गढ़वा के वरिष्ठ और दिग्गज नेता गिरिनाथ सिंह घर वापसी हो गई है। उन्होंने बीजेपी छोड़ फिर से राजद का दामन थाम लिया है।

मंगलवार को पटना स्थित राजद कार्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने उनका पार्टी में स्वागत किया।

माना जा रहा है कि चतरा संसदीय सीट से पार्टी उन्हें अपना उम्मीदवार बना सकती है। चर्चा है कि गिरिनाथ सिंह ने भी इसी उम्मीद के साथ राजद में वापसी की है।

इससे दो दिन पहले ही गिरिनाथ सिंह ने राबड़ी आवास में लालू यादव से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही राजद में उनकी वापसी की चर्चा शुरू हो गई थी।

राजद के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय यादव ने गिरिनाथ सिंह की पार्टी में वापसी करने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने उनका पार्टी में स्वागत किया है।

संजय यादव ने कहा कि गिरिनाथ सिंह की वापसी से पार्टी को मजबूती मिलेगी। बताते चलें कि पहले चर्चा था कि भाजपा चतरा से गिरिनाथ सिंह को टिकट दे सकती है।

गिरिनाथ सिंह भी चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुट गये थे। पर बीजेपी ने उनकी जगह कालीचरण सिंह को टिकट दे दिया। इसके बाद गिरिनाथ सिंह बगावत के मूड में आ गये थे।

एक वक्त में लालू यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले गिरिनाथ सिंह झारखंड में राजद के अध्यक्ष रह चुके हैं। लंबे समय तक राजद को उन्होंने झारखंड में सींचा है।

बीजेपी में जाने के बावजूद लालू से गिरिनाथ का संबंध मधुर रहे। इसका नतीजा आज सामने है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version