
रांची। झारखंड पुलिस के लिए कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान लगातार चुनौती बना हुआ है। विदेश में बैठकर वह झारखंड में अपने गिरोह का संचालन कर रहा है और अपराधियों के जरिए वारदातों को अंजाम दिलवा रहा है।
रांची के एक रेस्त्रां में शनिवार की रात हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी भी प्रिंस खान ने ली है। इसके साथ ही उसने रेस्त्रां संचालक को दोबारा धमकी देते हुए रंगदारी नहीं देने पर बम से हमला कराने की चेतावनी दी है। पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधमा रोड स्थित कुतियातु चौक के पास बने होटल टीटॉस में शनिवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना में होटल के कर्मचारी मनीष की गोली लगने से मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के कुछ घंटे बाद ही रेस्त्रां के संचालक के मोबाइल फोन पर प्रिंस खान का एक ऑडियो मैसेज आया, जिसमें उसने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली। साथ ही उसने संचालक को धमकी देते हुए कहा कि यदि रंगदारी की रकम नहीं दी गई तो अगली बार उसके घर पर बम से हमला कराया जाएगा।
बताया जाता है कि जिस रेस्त्रां में फायरिंग हुई, उसके मालिक राजकुमार गोप हैं। राजकुमार ने बताया कि पिछले वर्ष 25 दिसंबर को भी प्रिंस खान के नाम पर उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद सुरक्षा के लिए उन्हें एक महीने तक बॉडीगार्ड भी दिया गया था। हालांकि कुछ दिन पहले ही सुरक्षा हटा ली गई थी।
राजकुमार के अनुसार, अपराधियों का निशाना वही थे, लेकिन लगातार हुई फायरिंग में उनके रिश्तेदार और होटल कर्मचारी मनीष की मौत हो गई। इस घटना के बाद से उनका पूरा परिवार दहशत में है और सुरक्षा को लेकर चिंता में है।

