
रांची। रांची जिले के ओरमांझी इलाके में पुलिस ने पशु तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस ने पशु लदे चार वाहनों को जब्त करते हुए उनमें से 41 पशुओं को बरामद किया है।पुलिस को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि इरबा इलाके से पशु लदे चार वाहन बंगाल की ओर भेजे जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने सभी वाहनों की तलाशी ली, जिसमें 41 पशु पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों को जब्त कर लिया और बरामद किए गए सभी पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशाला में रखवा दिया।ओरमांझी थाना प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पशु लदे चार वाहनों को जब्त किया गया है। सभी पशुओं को गौशाला में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि पशु तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।रांची पुलिस ने 41 पशुओं के साथ चार वाहन किए जब्त।
