रांची। झारखंड महिला प्रीमियर लीग (जेडब्ल्यूपीएल) का उद्घाटन संस्करण बुधवार को जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम परिसर में शुरू हुआ, जिसमें राज्य में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार टीमें प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडे, सचिव सौरभ तिवारी और संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने किया। सौरभ तिवारी ने कहा कि लीग को उभरती महिला क्रिकेटरों के लिए एक प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करने और उन्हें खेल के उच्च स्तर तक आगे बढ़ने में मदद करने के लिए लॉन्च किया गया था। उन्होंने कहा कि जेएससीए भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगा और राज्य में महिला क्रिकेट को मजबूत करने के अपने प्रयास जारी रखेगा।उन्होंने कहा कि लंबे समय से महिला खिलाड़ियों के लिए एक अलग और मजबूत मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग के माध्यम से पूरा किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित होगी तथा राज्य की महिला क्रिकेटरों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। तिवारी ने घोषणा की है कि इस बार टीमों का आॅक्शन नहीं कराया गया है लेकिन सभी खिलाड़ियों को जेएससीए की ओर से सम्मानजनक आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के मनोबल और खेल के विकास के लिए संघ हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।विजेता टीम को 3 लाख और उप विजेता टीम को 2 लाख मिलेगा : जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव ने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए इस लीग को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए पुरस्कार राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि टूनार्मेंट की विजेता टीम को 3 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 2 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मैच में प्लेयर आॅफ द मैच, बेस्ट इकॉनमी बॉलर तथा सर्वाधिक छक्के लगाने वाली खिलाड़ी को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।इस लीग में चोटानागपुर ब्लास्टर्स, कोल्हान डायनामोज, पलामू वॉरियर्स और संताल चैलेंजर्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं। चारों टीमों में राज्य की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। चोटानागपुर ब्लास्टर्स की कप्तानी शशि माथुर, कोल्हान डायनामोज की आनंदिता किशोर, पलामू वॉरियर्स की अश्वनी कुमारी और संताल चैलेंजर्स की कुमारी मेघा कर रही हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version