जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार एंड कैफे के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड का मामला मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंचा तो राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। दूसरी ओर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि जिला प्रशासन ने डीडी बार एंड कैफे को सील कर उसके लाइसेंस, सुरक्षा मानकों और संचालन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भाजपा नेता सह डीडी बार एंड कैफे के मालिक नीरज सिंह समेत 11 लोगों को हत्याकांड में नामजद किया है।मंगलवार को झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंÞगी, वरिष्ठ नेता प्रमोद लाल और विक्टर सोरेन आदित्यपुर के हरिओम नगर स्थित मृतक हिमांशु सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हिमांशु के पिता की सीधे फोन पर बात कराई। बातचीत के दौरान पिता ने मुख्यमंत्री से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनके बेटे के हत्यारों का एनकाउंटर किया जाए, ताकि अपराधियों में कानून का भय पैदा हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई होगी। झामुमो नेताओं ने मुख्यमंत्री से हिमांशु की 26 वर्षीय पत्नी को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप सरकारी नौकरी देने का भी आग्रह किया।इस बीच पीड़ित परिवार और करणी सेना ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी या उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक हिमांशु का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। परिवार का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि न्याय चाहिए। मुख्यमंत्री स्तर पर मामला पहुंचते ही पुलिस मुख्यालय हरकत में आ गया। एडीजी मनोज कौशिक तत्काल जमशेदपुर पहुंचे और एसएसपी पियूष पांडेय के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। घटना के समय पुलिस गश्ती दल मौके पर मौजूद होने के बावजूद हमलावरों को नहीं रोक पाने के आरोप में पहले गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। मंगलवार को थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे को भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। उनकी जगह निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।सरयू राय ने बुलायी सर्वदलीय बैठक : हिमांशु हत्याकांड अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। झामुमो और कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेता नीरज सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और डीडी बार को स्थायी रूप से बंद करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं भाजपा राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेर रही है, हालांकि पार्टी बार संचालक को लेकर सार्वजनिक टिप्पणी से बचती दिख रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version