
रांची। एनआईए की विशेष न्यायाधीश एमके वर्मा की अदालत ने बुधवार को पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड मामले के आरोपित पूर्व मंत्री राजा पीटर की याचिका खारिज कर दी। एनआईए द्वारा बनाए गए सरकारी गवाह को राजा पीटर ने गलत बताते हुए इसका विरोध किया था। उसकी ओर से कोर्ट में सीआरपीसी 306 की याचिका दायर कर सरकारी गवाह को सही नहीं बताया गया था लेकिन कोर्ट ने उसकी दलील नहीं मानी और याचिका खारिज कर दी।
उल्लेखनीय है कि यह मामला अभी गवाही के स्टेज पर चल रही है। नौ जुलाई, 2008 को पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा की हत्या बुंडू के स्कूल में एक कार्यक्रम के दौरान नक्सलियों ने गोली मारकर कर दी थी। मामले में पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर और नक्सली कुंदन पाहन सहित कई आरोपित ट्रायल फेस कर रहे हैं।
