
रांची। रांची पुलिस की ओर से मंगलवार को वीरता, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवा से पदोन्नति प्राप्त कनीय पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया। एसएसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दारोगा से पुलिस इंस्पेक्टर पद पर प्रोन्नति पाने वाले शैलेंद्र सिंह, रोशन सिंह, विश्वजीत सिंह के अलावा आरक्षी से जमादार पद पर प्रोन्नति पाने वाले कृष्णा उरांव, विनय टेटे को बैज लगाया गया।



सभी को पुलिस परिवार की ओर से शुभकामनाएं दी गई। कार्यक्रम में एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि पदोन्नति उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण का सम्मान है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि सभी पदोन्नत पदाधिकारी एवं कर्मी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं पेशेवर दक्षता के साथ करेंगे।
आमजन की सेवा, अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। कार्यक्रम में सिटी एसपी परास राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल हुए।

