
पटना। बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच मजबूत आपसी तालमेल देखने को मिला। प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के दौरान पटना हवाई अड्डे पर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों ने गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे को गले लगाया और हाथ थामकर अभिवादन किया।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने एक दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मुलाकात का अंदाज चर्चा का विषय बन गया। प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार को देखते ही गर्मजोशी दिखाई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया और मुस्कुराते हुए बातचीत की। मुलाकात के दौरान दोनों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “पटना हवाई अड्डे पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।” साझा की गई तस्वीरों में दोनों नेता एक-दूसरे को गले लगाते और हाथ पकड़कर बातचीत करते नजर आए।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को दोनों नेताओं के बीच संबंधों और आपसी विश्वास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के नामकरण को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी हो रही थी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने बिहार दौरे के दौरान वैशाली पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज थीं, लेकिन पटना हवाई अड्डे पर दोनों नेताओं की गर्मजोशी भरी मुलाकात ने एक बार फिर राजनीतिक हलकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

