
हजारीबाग। केरेडारी थाना पुलिस ने 1.5 करोड़ रुपये की चोरी का सनसनीखेज मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने इस चोरीकांड में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर सोना-चांदी के गहने, मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किया है। एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केरेडारी थाना क्षेत्र के कोदवे के पास छापेमारी की और चोरीकांड के मुख्य अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपितों में रोहन कुमार, अंकित कुमार, सुमित गुप्ता, सन्नू कुमार और मुकेश कुमार शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर राजेश सोनी और राहुल कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुलदीप सोनी के घर में घुसकर ताले तोड़कर लगभग 1.5 करोड़ मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी किए थे। पुलिस ने इस मामले में एक मोटरसाइकिल (जेएच02एवी-6061), सात मोबाइल फोन, तथा 264.5 ग्राम सोना और 444 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में मुकेश कुमार (28), ग्राम कुठान, थाना केरेडारी, राहुल कुमार, ग्राम खटमाधव, बड़कागांव, रोहन कुमार, ग्राम जमालपुर, जिला मुंगेर (बिहार), अंकित कुमार, इमली कोठी, थाना बड़ा बाजार हजारीबाग, राजेश सोनी केरेडारी, सुमित गुप्ता बादम बड़कागांव, सन्नू कुमार खिरगांव हजारीबाग का रहने वाला है। इनके पास से पुलिस ने एक बाइक, सोना 264.5 ग्राम और चांदी 444 ग्राम और सात मोबाइल बरामद किया है। छापेमारी में एसडीपीओ (सदर) अमित आनंद के नेतृत्व में गठित टीम में बड़कागांव, केरेडारी, लोहसिंघना और एटीपीओ की संयुक्त पुलिस टीम शामिल थी।
