
नई दिल्ली। नई सरकार के मंत्रिमंडल की पहली बैठक सोमवार शाम को प्रधानमंत्री के लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर होने की संभावना है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। नवनियुक्त मंत्रियों की बैठक शाम पांच बजे मोदी के आवास पर होगी। भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की मंत्रिपरिषद में शामिल मंत्रियों के लिए रात्रिभोज का भी आयोजन किया।
140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने की जताई प्रतिबद्धता
शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को बधाई दी। उन्होंने अपने केंद्रीय मंत्रिपरिषद को ‘युवा और अनुभव का बेहतरीन मिश्रण’ बताया। इसके अलावा उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बने दुनियाभर के गणमान्य अतिथियों का भी आभार जताया। इस दौरान उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने और देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की भी प्रतिबद्धता जताई।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा कि एनडीए सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। मंत्रियों की इस टीम में युवा जोश और अनुभव का अद्भुत संगम है। हम सभी देशवासियों का जीवन बेहतर बनाने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखेंगे। उन्होंने आगे लिखा, मैं शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बने दुनियाभर के गणमान्य अतिथियों का भी हृदय से आभारी हूं। विश्व बंधु के रूप में भारत सदैव अपने निकट साझेदारों के साथ मिलकर मानवता के हित में काम करता रहेगा।
