जयपुर। राजधानी के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र के आयशा नगर तलाई स्थित आईटीआई कॉलेज के पास मंगलवार सुबह अवैध रूप से संचालित पटाखों के गोदाम में भीषण आग लगने से बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर आग पर काबू पाया। घटना के बाद गोदाम को सील कर दिया गया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस और प्रशासन के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। कई धमाकों के बीच अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस अग्निकांड में रामगंज निवासी अब्दुल वाहिद (50), रहीम नगर निवासी बिलाल खान (30), समीर (20), आजीम खान उर्फ आविद, राबिल पुत्र सिकंदर कुरैशी सहित सात लोगों की मौत हो गई। दो मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। नासिर पुत्र मोहम्मद अली गंभीर रूप से झुलस गया और उसका एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में उपचार चल रहा है।

एसएमएस अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. आर.के. जैन ने बताया कि अस्पताल में छह मरीज लाए गए थे। इनमें दो की मौत हो गई, जबकि चार का उपचार किया गया। नासिर 95 प्रतिशत तक झुलसा हुआ है। समीर भी 95 प्रतिशत, बिलाल 75 प्रतिशत और आदिब 65 प्रतिशत तक झुलसे थे। बाद में समीर और अन्य घायलों में से कई ने दम तोड़ दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version