
पटना। चुनावी वर्ष में सरकार बिहार के नागरिकों के लिए नित नई घोषणाएं कर रहीं। सुखद यह कि उन घोषणाओं का क्रियान्वयन भी हो रहा। आने वाले दिनों में नागरिकों के लिए ऐसी ही एक लाभप्रद घोषणा हो सकती है। यह प्रति परिवार 100 यूनिट बिजली नि:शुल्क देने की योजना है। ऊर्जा विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे वित्त विभाग ने अपनी सहमति दे दी है। राज्य मंत्रिपरिषद से स्वीकृति के बाद यह योजना प्रभाव में आ जाएगी।



इस योजना के अंतर्गत घरेलू उपयोग के लिए प्रति परिवार 100 यूनिट तक बिजली नि:शुल्क मिलेगी। इससे अधिक बिजली का उपयोग करने पर ही उपभोक्ताओं को अपनी जेब ढीली करनी होगी।
राज्य मंत्रिपरिषद की स्वीकृति के बाद ही घरेलू बिजली के ग्राहकों को मिलने वाले लाभ की जानकारी सार्वजनिक हो सकेगी। चर्चा है कि आगे इसमें कुछ और रियायत मिल सकती है। कृषि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी बिजली पर कुछ और रियायत देने के लिए सरकार मन बना रही। इससे बिजली पर सरकार का अनुदान बढ़ेगा।
बिहार में बिजली वितरण में लगी कंपनियां अभी लाभ मेंं हैं। ऐसे में शुरूआती दौर में सरकार अनुदान की राशि का भार सहन करने में सक्षम प्रतीत हो रही। शहरी क्षेत्र में अभी बिजली की दर प्रति यूनिट 7.57 रुपये है।
राज्य सरकार के अनुदान के बाद यह 4.52 रुपये प्रति यूनिट की दर से उपभोक्ताओं को मिल रही। इसी तरह, ग्रामीण परिक्षेत्र में कुटीर ज्योति योजना के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं को 1.97 रुपये तथा शेष घरेलू उपभोक्ताओं को 2.52 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली दी जा रही।

