
बिहार में 2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू
पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा
एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य



पटना। बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देने और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में शुक्रवार को होटल मौर्या में उद्योग विभाग और ऊर्जा विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित उद्यमियों से संवादह्ण एवं एमओयू एक्सचेंज समारोह में 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को लेकर विभिन्न कंपनियों और संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निवेशकों और उद्यमियों से बिहार में उद्योग स्थापित करने तथा राज्य की विकास यात्रा में सहभागी बनने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार उद्योगों के लिए पूरी तरह तैयार है। उद्यमी बिहार पर विश्वास करें और खुले दिल एवं दिमाग से यहां उद्योगों का विस्तार करें। राज्य की प्रगति में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से आगे बढ़ना चाहता है। राज्य सरकार का संकल्प बिहार को देश के सबसे तेज औद्योगिक विकास करने वाले राज्यों में शामिल करना है। राज्य में 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलना उद्यमियों और निवेशकों के बीच बिहार के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
ऊर्जा, बिजली उत्पादन, बैटरी स्टोरेज, विमानन, औद्योगिक उत्पादन और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियों एवं संस्थानों ने निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए। प्रमुख निवेश प्रस्तावों में अडानी हाइड्रो एनर्जी-7 लिमिटेड और अडानी हाइड्रो एनर्जी-15 लिमिटेड ने 9,900-9,900 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 7,684.94 करोड़ रुपये और ग्रीनको एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 5,400 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया है।
एनटीपीसी लिमिटेड और न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन आॅफ इंडिया लिमिटेड ने 70-70 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। वहीं, फेडरेशन आॅफ एविएशन इंडस्ट्री इन इंडिया की ओर से 12,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया है। इसके अलावा सीटीआरएलएस और रेनवियन (रामकी ग्रुप) ने 10-10 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से चार हजार करोड़ रुपये तथा सीपीए प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 3,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।
रश्मि मेटलर्जिकल इंडस्ट्री लिमिटेड और राणा होल्डिंग लिमिटेड ने तीन-तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। वहीं, बगमेनिया सेमीकॉन की ओर से दो हजार करोड़ रुपये तथा किविसा आॅर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया है।

