
पटना। बिहार में छोटे खाद्य उद्योग लगाने की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत आवेदन और योजना का लाभ लेने का अवसर मिलेगा। केंद्र सरकार ने योजना की अवधि 31 मार्च 2027 तक कर दी है। इसके बाद राज्य सरकार ने इस अवधि में योजना चलाने के लिए 164.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।



विभाग से मिली जानकारी के अनुसार योजना का उद्देश्य राज्य में तैयार होने वाले खाद्य उत्पादों को बेहतर बनाना, उनमें मूल्य संवर्द्धन करना और छोटे उद्योगों में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना है।
इसके तहत व्यक्तिगत निवेशक या उद्यमी खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ा छोटा उद्योग लगाते हैं तो उन्हें परियोजना लागत का 35 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। हालांकि, एक व्यक्ति या उद्यमी को अधिकतम 10 लाख रुपये तक ही अनुदान दिया जाएगा। समूह के स्तर पर भी उद्योग स्थापित करने के लिए 35 प्रतिशत पूंजीगत अनुदान का प्रविधान किया गया है।
योजना के तहत आटा, मसाला, अचार, मुरब्बा, पापड़, सत्तू और अन्य खाद्य उत्पादों के प्रसंस्करण से जुड़े छोटे उद्योग लगाए जा सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादित कृषि उपज को बाजार के लिए तैयार करने और उसकी कीमत बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सरकार इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगी। प्रचार-प्रसार के जरिए भी निवेशकों और उद्यमियों को अनुदान की प्रक्रिया और योजना के लाभ बताए जाएंगे, ताकि अधिक लोग अपना खाद्य उद्योग शुरू कर सकें।

