पटना। विधानसभा में मंगलवार को प्रथम पाली में विपक्ष ने सोमवार को दफादार-चौकीदार संघ के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज के मामले पर सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी वेल में आकर यह नारे लगाए कि लाठी- गोली की सरकार नहीं चलेगी। मुख्यमंत्री इस नारेबाजी के बीच खड़े हो गए और कहा कि सरकार सब दिन रहेगी। आप बेमतलब की बात मत बोलिए। हम तो बैठकर आपकी बात सुनते रहते हैं। विपक्ष को यह भी नसीहत दी कि कहा इतनी कम संख्या हो गयी आपकी।

मु्ख्यमंत्री ने राजद को कहा कि गलती से दो बार आपलोगों के साथ आ गए। अब यह नहीं होगा। आपलोग गड़बड़ करने लगे। यह भी कहा कि जब आपलोगों की सरकार थी तब आपने कोई काम नहीं किया। आज बिहार कितना आगे बढ़ रहा है। पहले शाम होते ही घर से कोई निकलता था क्या? विपक्ष को कहा कि आप लोग जो भी बात कर रहे उसका कोई मतलब नहीं।

संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सरकार अगर चौकीदार-दफादर के प्रदर्शन के खिलाफ होती तो इसे रोक देती। इनकी सेवाओं के संबंध में तो नीतीश कुमार की सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है पूर्व में। पर लोक व्यवस्था को छिन्न-भिन्न करने का किसी को अधिकार नहीं है। सरकार किसी भी संघ के प्रजातांत्रिक मूल्यों का संरक्षण करती है। राजद के कुमार सर्वजीत ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे चौकीदारों व दफादारों को पुलिस ने काफी बर्बर तरीके मारा है।

मुख्यमंत्री के कहने पर वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने चौकीदार-दफादार संघ के आंदोलन पर अपना वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि संघ के प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर सरकार उनसे बात करेगी। उनकी मांगों परह सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version