
पटना। पटना पुलिस ने एक बार फिर से अपराधियों को करारा जवाब दिया है। कैश वैन लूटने वाले अपराधियों को पुलिस ने मंगलवार की सुबह घेर लिया और उसके बाद उन्हें सरेंडर करने को कहा। अपराधी एक बाइक पर सवार होकर भाग रहे थे। पुलिस की चेतावनी के बाद भी अपराधी नहीं माने और उन्होंने फायरिंग कर दी। इसके बाद पटना पुलिस की टीम ने भी अपनी राइफल का मुंह खोल दिया और नतीजे में एक अपराधी को गोली लगी। ये एनकाउंटर पटना के उदयनी गांव में किया गया। पुलिस की गोली जिस अपराधी के पैर में लगी है उसका नाम नीतीश कुमार है। जबकि दूसरा अपराधी आदित्य कुमार भागने की कोशिश में अपना पैर ही तुड़वा बैठा। दोनों अपराधियों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।



एनकाउंटर की खबर मिलते ही पटना के सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा, सिटी एसपी ईस्ट परिचय कुमार और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की टीम भी मौके पर पहुंची। इस दौरान एनकाउंटर की जगह से सुराग इकट्ठे किए गए। पूरे मामले की जांच भी शुरू हो गई। उदयनी गांव उसी गोपालपुर थाना इलाके में है, जहां से कैश वैन लूटी गई थी।
इसी 13 मई को गोपालपुर थाना इलाके के जोल बीघा में एक कैश वैन को रोक कर उसे लूट लिया गया था। इस दौरान कैश वैन से 27 लाख रुपये लूट लिए गए थे। कैश वैन के ड्राइवर, गनमैन और कस्टोडियन को अपराधियों ने वैन के रुकते ही गन पॉइंट पर लेकर इस वारदात को अंजाम दिया था। उसके बाद से ही पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस मिले सुरागों के आधार पर उदयनी गांव पहुंची जहां उसका लुटेरों से सामना हो गया।
पटना और सिवान में कल भी हुआ था एनकाउंटर : इससे पहले पटना में कल यानी सोमवार को भी पुलिस ने सरकारी टीचर को गोली मारने वाले अपराधी का एनकाउंटर ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में किया था। इसमें कुख्यात अपराधी संदीप उर्फ बादल के पैर में गोली लगी थी। जबकि दूसरे अपराधी प्रिंस ने सरेंडर कर दिया था। इसके अलावा सोमवार को ही सिवान में ज्वेलरी दुकान में लूट के आरोपी का भी एनकाउंटर किया गया था।

