
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर चुनाव आयोग की ओर से तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को तारीखों का ऐलान कर दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार की सभी 243 सीट पर दो चरण में चुनाव होंगे। पहले चरण के लिए 6 नवंबर को और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी।
वहीं, चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव को लेकर आयोग ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव में हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही फेक न्यूज पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। सीईसी ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी कि बिहार में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 7.43 करोड़ है। इनमें लगभग 3.92 करोड़ पुरुष और करीब 3.50 महिला मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि 1,725 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। करीब 7.2 लाख दिव्यांग मतदाता, 4.04 लाख 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक भी वोटर सूची में हैं, जबकि 100 साल के अधिक उम्र की मतदाताओं की संख्या 14 हजार है। फर्स्ट टाइम वोटर लगभग 14 लाख हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है। तमाम राजनीतिक दलों ने आयोग से छठ महापर्व के तुरंत बाद चुनाव कराने की अपील की थी, ताकि अधिक से अधिक संख्या में लोग अपने मत का इस्तेमाल कर सकें।
आपको बताते चलें, 2020 में बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में हुए थे। पहले चरण में 28 अक्टूबर 2020 को 71 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हुई थी, जबकि दूसरे चरण में 3 नवंबर को 94 सीट और तीसरे चरण में 7 नवंबर को 78 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। मतगणना 10 नवंबर को हुई थी।
पहले चरण के लिए की तिथि
नामांकन के लिए अधिसूचना जारी होने की तिथि 10 अक्टूबर
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर
नामांकन पत्र जांच करने की तिथि 18 अक्टूबर
नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर
मतदान की तिथि 6 नवंबर
दूसरे चरण के लिए की तिथि
नामांकन के लिए अधिसूचना जारी होने की तिथि 13 अक्टूबर
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर
नामांकन पत्र जांच करने की तिथि 21 अक्टूबर
नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर
मतदान की तिथि 11 नवंबर
मतगणना का तिथि 14 नवंबर
चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर
सात राज्यों की 8 सीटों पर उपचुनाव भी 11 नवंबर को
इसके साथ ही चुनाव आयोग ने सात राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की भी तारीखें घोषित कर दी हैं। ये उपचुनाव भी 11 नवंबर को होंगे। इनमें राजस्थान की अंटा, जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नागरोटा, पंजाब की तरनतारन, झारखंड की घाटशिला, तेलंगाना की जुबली हिल्स, मिजोरम की डांपा और ओडिशा की नुआपाड़ा सीट शामिल हैं।
बिहार चुनाव में वैसे तो 100 से ज्यादा छोटी बड़ी पार्टियां मैदान में होंगी बल्कि उनमें कड़ा मुकाबला भी देखने को मिलेगा। हांलकि चुनाव को मुख्य मुकाबला NDA और महागठबंधन के बीच होने की उम्मीद है। 2025 के चुनाव में NDA का साफ कहना है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व और चेहरे पर ही विधानसभा का चुनाव लड़ा जाएगा। वहीं महागठबंधन में CM फेस अभी क्लियर नहीं है। RJD, तेजस्वी यादव को महागठबंधन का CM फेस बता रही है। वहीं जनसुराज के मुखिया प्रशांत किशोर भी इस बार चुनावी मैदान में दिखेंगे।
