
नूंह। हरियाणा के नूंह में टूरिस्ट बस आग की चपेट में आई। इस घटना में बस के अंदर बैठे 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, वहीं 24 लोग गंभीर रूप से जल गए हैं। हादसे के समय बस के अंदर 60 लोग सवार थे। मौके पर पुलिस और अफसरों की टीम पहुंची है। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी गंभीर यात्रियों को मेडिकल कॉलेज नलहड नूंह में भर्ती कराया गया है। मौके पर प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि सभी यात्री आपस में रिश्तेदार थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वे लुधियाना और होशियारपुर के रहने वाले थे।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा देर रात लगभग डेढ़ बजे हुआ। टूरिस्ट बस में आग लगी। बस में सवार यात्री उत्तर प्रदेश के मथुरा- वृन्दावन से दर्शन करने गए थे और वहीं से वापस पंजाब-हरियाणा की तरफ लौट रहे थे। बस कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस पर थी। रात का समय था और ड्राइवर तेज रफ्तार में बस चला रहा था। बस में आग कैसे और किस समय लगी उसे जानकारी नहीं हुई। कुछ ही पल में बस ने भयावह आग पकड़ ली।
गूंजी चीखें, कुछ ही सेकंड में हुईं शांत
देर रात होने के कारण जयादा लोग हाइवे या आसपास मौजूद नहीं थे, लेकिन जिसकी भी नजर पड़ी, वह घबरा गया। कई लोगों ने घटना के वीडियो बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस वीडियो में जलती बस के अलावा लोगों के चीखने की आवाजें भी सुनी जा सकती हैं।