
पटना। बापू सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शनिवार को सम्राट चौधरी का अलग ही अंदाज देखने को मिला। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत के प्रति बड़े भाई वाला स्नेह लुटाया। मंच से ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि स्वस्थ रहेंगे, तभी तो लड़ पाएंगे, इसलिए खाना खाइए। सीएम की बात सुनकर कार्यक्रम में उपस्थित निशांत मुस्कुराने लगे। चौधरी ने निशांत की ओर इशारा करते हुए कहा मैं इनको हमेशा कहते रहता हूं कि स्वास्थ्य मंत्री जी, खाना खाइए। क्योंकि ये हमारे भाई हैं और छोटे भाई को आगे मजबूती के साथ लड़ना है। चौधरी ने विरोधियों को आड़े हाथों लेते हुए हुंकार भरी कि बिहार में अब उनका विकास रोकने वाला कोई नहीं है।



भूल जाइए कि कोई हमसे टकराने वाला : उन्होंने कहा कि एकदम भूल जाइए कि कोई हमसे टकराने वाला है। हम जितने भी भाई लोग यहां एक साथ बैठे हैं, कोई हमारा बाल बांका नहीं कर पाएगा, इसे मानकर चलिएगा। बिना नाम लिए विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हम लोग विरोधियों की बातों का जवाब नहीं देते, क्योंकि नीतीश कुमार ने हमें सिर्फ काम करना सिखाया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बेरोजगार हो गए हैं, उनका काम ही खाली बकवास करना है। जो बेरोजगार रहेगा, उसे काम नहीं सूझता। लेकिन जो लोग सत्ता में बैठे हैं, उन्हें जनता को काम करके देना पड़ेगा, इसलिए मैं सिर्फ काम करता हूं। उन्होंने कहा कि हमारा दूसरा कोई लक्ष्य नहीं है; हम सिर्फ पूर् मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं।

