
रामपुर। दोपहर तक सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की रिहाई का रास्ता साफ हो गया था। ऐसा लग रहा था कि शाम तक उनकी रिहाई हो जाएगी। शनिवार को दिन भर उनके अधिवक्ता मुचलके भरवाकर रिहाई के परवाने जारी कराने में लगे रहे। मुकदमों की संख्या अधिक होने के कारण इसमें पूरा दिन लग गया। आजम के अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने बताया कि सभी मुकदमों में रिहाई के परवाने जारी हो गए हैं। आजम खान के खिलाफ एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट सेशन ट्रायल में चल रहे पांच मुकदमों में शुक्रवार को ही रिहाई के परवाने भी जेल पहुंच गए थे।



मगर शाम को लखनऊ के नंबर वाली गाड़ियों से कुछ लोग जिला कारागार पहुंचे। इनमे से तीन-चार लोग जेल के अंदर गए। सूत्रों के अनुसार, ईडी के कुछ अधिकारी जेल के अंदर गए। उस समय तक किसी को जानकारी नहीं थी कि उनका मकसद क्या है। बदलते घटनाक्रम के बीच जानकारी हुई कि ईडी की टीम गाजियाबाद से आजम खान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लाई है। इसको देखते हुए जेल पर भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात कर दिए गए।
इसके बाद समर्थकों के भारी विरोध प्रदर्शन के बीच ईडी की टीम आजम खान को गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई। इस बीच आजम खान के समर्थकों ने हाय-हाय के नारे लगाए। वहीं देर शाम अब्दुल्ला आजम जेल से रिहा हो गए।

