
गिरिडीह। समाहरणालय में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जवान हंगामा करने लगा। काला रंग का गमछा लेकर दोनों हाथ उठाकर जवान बार-बार यही कहता कि फोटो खींचो-फोटो खींचो। यह कहते-कहते जवान उपायुक्त के कक्ष के पास चला गया और चिल्लाने लगा।
इस बीच मुफस्सिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पहुंचे और पुलिस जवान को शांत रहने और बाहर निकलने का निर्देश दिया। जवान ने यहां भी पदाधिकारी के आदेश की न सिर्फ अवहेलना की, बल्कि सीधा कह दिया कि हाथ नहीं लगाइये। बाद में किसी तरह तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने उसे समाहरणालय परिसर से बाहर करते हुए पुलिस लाइन भिजवाया।
भाजपा नेता कामेश्वर पासवान ने बताया कि सोमवार को भाजपा का प्रदर्शन कार्यक्रम था। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता समाहरणालय परिसर के बाहर थे। यहां भी उक्त जवान अनर्गल बोले जा रहा था. जब भाजपा के लोग समाहरणालय परिसर के अंदर आ गए तो उक्त पुलिस जवान यहां भी पहुंच गया और हंगामा करने लगा. उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता करने वाले पुलिस के ऐसे जवान पर विभाग को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि पुलिस लाइन में पदस्थापित जवान ने हो-हल्ला किया है। पपरवाटांड़ स्थित समाहरणालय में हल्ला करने वाले जवान को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इस मामले में आला अधिकारी को पूरी रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
