
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया है कि रालोमो कोटे के मंत्री दीपक प्रकाश बिना किसी सदन का सदस्य रहे उनके मंत्रिमंडल में बने रहेंगे। शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान सम्राट ने कहा कि वह स्वयं भी बिना किसी सदन का सदस्य रहे पांच महीना 28 दिन तक मंत्री रह चुके हैं। मालूम हो कि दीपक प्रकाश अभी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। वे सात मई को सम्राट मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। इससे पहले दीपक बिना किसी सदन का सदस्य रहे नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में भी शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने टूक कहा है कि सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर स्थायी या अस्थायी निर्माण करने वालों को सरकार कोई राहत नहीं देने जा रही है।
‘महल हो या छोटा घर…’
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है। महल हो या छोटा घर, अगर वह सरकारी जमीन पर है तो उसे ध्वस्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गांवों की स्थितियां अलग है, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के लिए सरकार अलग नीति बनाने जा रही है।

