
नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के बाद अब एक और शक्तिशाली तूफान ‘मुरासु’ आंध्र प्रदेश के तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह तूफान गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इसके 2 और 3 नवंबर की दरमियानी रात नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है।



मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय ‘मुरासु’ उत्तर-पश्चिम दिशा में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। सोमवार तड़के 2:30 बजे यह चेन्नई से लगभग 260 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व और नेल्लोर से 290 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था।
आईएमडी ने अनुमान जताया है कि तूफान 2 नवंबर की रात 11:30 बजे से 3 नवंबर की सुबह 4 बजे के बीच ओंगोल के आसपास तट से टकरा सकता है। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है, जबकि हवा के झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में 2 और 3 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, तमिलनाडु में 1 और 2 नवंबर तथा छत्तीसगढ़ और दक्षिणी ओडिशा में 3 और 4 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में तथा 3 नवंबर को तेलंगाना के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तूफान को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की जरूरत है।

