
हजारीबाग। चरही थाना क्षेत्र स्थित तापीन साउथ सीसीएल परियोजना से अपहृत आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। उन्हें चंदवारा थाना क्षेत्र से छुड़ाया गया। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अपहरण में इस्तेमाल की गई क्रेटा और स्कॉर्पियो गाड़ियां भी जब्त की गई हैं।



पुलिस के अनुसार, वारदात बीती रात करीब 8:30 बजे हुई थी। भास्कर कुमार तापीन साउथ सीसीएल परियोजना में काम करने वाली एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में कार्रवाई शुरू कर दी गई। एएसपी अमित कुमार ने रविवार को बताया कि अपहरण की सूचना मिलने के बाद हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच और मैनेजर की सुरक्षित बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार और विष्णुगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। इसमें चरही थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और तकनीकी सहित अन्य जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि आरोपित काले रंग की क्रेटा कार और दो काली स्कॉर्पियो से पहुंचे थे। उन्होंने मैनेजर को जबरन गाड़ी में बैठाया और अपने साथ ले गए।
पुलिस ने बताया कि चौपारण थाना क्षेत्र के भटबिघा निवासी राजेश यादव अपने साथियों के साथ इस वारदात में शामिल था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक स्कॉर्पियो और चंदवारा थाना क्षेत्र से क्रेटा कार जब्त की। इसी कार्रवाई के दौरान अपहृत मैनेजर भास्कर कुमार को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जब्त क्रेटा का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 02बीके -3586 है, जबकि एक स्कॉर्पियो का नंबर जेएच 02एयू -4625 बताया गया है। पुलिस ने इस मामले में राजेश यादव (चौपारण), विक्की कुमार (ईचाक), आनंद कुमार मेहता (ईचाक), दिलीप प्रसाद मेहता (मुफस्सिल) और मनीष कुमार (ईचाक) को गिरफ्तार किया है। मामले में चरही थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

