
जमशेदपुर। पूर्व मुख्यमंत्री मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा की अंतिम यात्रा घोड़ाबांधा स्थित आवास से निकली और मानगो स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंचकर संपन्न हुई। यहां पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने के बाद सायरा मुंडा पंचतत्व में विलीन हो गईं। मां को अंतिम विदाई देने के दौरान अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के सदस्यों की आंखें नम थीं।सायरा मुंडा की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हुए। घोड़ाबांधा से स्वर्णरेखा घाट तक शोकाकुल लोगों का हुजूम उमड़ा। सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। अंतिम संस्कार में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, चंपई सोरेन, सांसद विद्युत वर्णन महतो,पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, जटाशंकर पांडे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं।उल्लेखनीय है कि सायरा मुंडा का सोमवार सुबह टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वे पिछले कई महीनों से बीमार थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही अर्जुन मुंडा के आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने निधन से दो दिन पहले फोन पर अर्जुन मुंडा से उनकी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पूर्व में उनके स्वास्थ्य का हालचाल जान चुके थे।




