
पटना। बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। शादी से पहले हो रही रस्मों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। सोमवार को शिवांगी की हल्दी रस्म की झलक सामने आई, जिसमें उनका खास अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस समारोह में शिवांगी ने पारंपरिक पीले कपड़ों की जगह गुलाबी रंग का खूबसूरत लहंगा पहना था।शिवांगी डस्टी पिंक रंग के चमकदार लहंगे में नजर आईं। उनके लहंगे पर बारीक कढ़ाई की गई थी। इसके साथ उन्होंने हैवी एम्ब्रॉयडरी वाला लंबा ब्लाउज और खूबसूरत नेट का दुपट्टा कैरी किया था। कानों में बड़े झुमके, हाथों में कंगन और आकर्षक क्लच उनके लुक को और खास बना रहे थे।



हल्दी समारोह का सबसे खास पल शिवांगी की एंट्री रही। वह अपने भाइयों के साथ समारोह स्थल पर पहुंचीं। उनके दोनों भाई अभिषेक और अंकित सिंह पीले रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए। वहीं छोटे भाई अभिनव भी पूरे आयोजन के दौरान सक्रिय दिखाई दिए। वह मेहमानों से मिलते और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। समारोह में शिवांगी की मां नीलम देवी भी पीले रंग की पोशाक में दिखाई दीं। परिवार की अन्य महिलाएं और रिश्तेदार भी हल्दी की रस्म के अनुरूप पीले रंग के परिधानों में पहुंचे। पूरे आयोजन में पारिवारिक उत्साह और शादी की रौनक देखने को मिली।
हल्दी की रस्म के लिए घर में विशेष सजावट की गई थी। फूलों से सजे मंच और रंग-बिरंगी लाइटों ने आयोजन की खूबसूरती बढ़ा दी। परिवार के सदस्यों और मेहमानों के बीच उत्सव का माहौल बना रहा। गौरतलब है कि शिवांगी की शादी 25 नवंबर को पटना जिले के नदवां गांव में होनी है। उनकी शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। अब शादी से पहले की रस्मों की तस्वीरें लगातार सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रही हैं।

