
रांची। झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की अदालत ने संताल आदिवासी समुदाय में बेटियों के पैतृक संपत्ति के अधिकार को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पक्ष यह दावा करता है कि संथाल प्रथा के तहत बेटियों को पिता की संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता, तो उसे ठोस सबूतों के साथ यह साबित करना होगा कि ऐसी प्रथा प्राचीन, निश्चित और वर्तमान में भी समान रूप से प्रचलित है। बिना ठोस प्रमाण के बेटियों को पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। इस फैसले के साथ ही अदालत ने जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र स्थित तुरका गांव से जुड़े 41 साल पुराने एक जमीन विवाद की अपील को खारिज करते हुए अपीलीय अदालत के 2006 के फैसले को बरकरार रखा है।



क्या था पूरा मामला?
यह विवाद जामताड़ा के तुरका गांव की पैतृक जमीन को लेकर साल 1985 में शुरू हुआ था। वादी महिला (अब मृत, जिनके कानूनी उत्तराधिकारी मुकदमा लड़ रहे हैं) ने अपने पिता की संपूर्ण पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक की घोषणा के लिए दीवानी मुकदमा दायर किया था। पांच अक्टूबर 1996 को ट्रायल कोर्ट ने आंशिक रूप से वादी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उन्हें पूरी संपत्ति के बजाय केवल एक-तिहाई हिस्से का मालिक माना था। वादी ने इस फैसले को चुनौती दी, जिसके बाद अतिरिक्त जिला न्यायाधीश ने चार मार्च 2006 को ट्रायल कोर्ट के आदेश में संशोधन करते हुए पूरी संपत्ति पर वादी के मालिकाना हक की डिक्री पारित कर दी। इसके खिलाफ प्रतिवादी सनातन हेंब्रम व अन्य ने 2006 में झारखंड हाई कोर्ट में अपील दाखिल की थी।

