
रांची। पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के सरकारी आवास का मामला अब और तूल पकड़ता दिख रहा है। सरकारी आवास एक वरीय पुलिस अधिकारी को आवंटित किए जाने के बाद भवन निर्माण विभाग ने इस आवास को अपने कब्जे में ले लिया है। आवाज से अंबा प्रसाद के तमाम सामान निकाल दिए गए हैं लेकिन उनका घोड़ा इसी परिसर में है। यही कारण है कि सील किए जाने के बाद अंबा प्रसाद इस आवास के सामनेबटेंट लगाकर बैठ गईं हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के पहुंचने के बाद अब अंबा प्रसाद के समर्थन में अब कांग्रेस पार्टी भी खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उनसे मिलने सील आवास के बाहर लगाए गए टेंट में पहुंचे।



सील आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं प्रदेश अध्यक्ष ने अंबा प्रसाद से मुलाकात की। कांग्रेस के दोनों वरिष्ठ नेताओं ने अंबा प्रसाद से पूरे मामले को लेकर बातचीत की। खास बात यह रही कि मुलाकात इसी टेंट में हुई है। इस दौरान टेंट में ही नेताओं के लिए लिट्टी-चोखे का नाश्ता भी परोसा गया।
पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को प्रशासन की ओर से खाली कराकर सील कर दिया गया था। इसके बाद अंबा प्रसाद ने आवास के बाहर टेंट लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस कार्रवाई को लेकर उन्होंने सवाल भी उठाए हैं।
बता दें कि इससे पहले भी योगेंद्र प्रसाद और अंबा प्रसाद को लेकर झामुमो के साथ गठबंधन में असहज स्थिति बन चुकी है। पूर्व मंत्री और बेटी अंबा दोनों कांग्रेस में रहते हुए हेमंत सरकार पर मुखर रहे हैं। सीएम के खिलाफ में बयान देने के कारण पार्टी से निष्कासित भी किया गया था। बाद में पार्टी ने वापस ले लिया।

