
पटना। पूर्व सांसद आनंद मोहन के समर्थक आम जनता के बीच जाकर बताएंगे कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी जी कृष्णैया हत्याकांड में कैसे उन्हें फंसाया गया है। शनिवार को जदयू विधायक चेतन आनंद के सरकारी आवास पर हुई समर्थकों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। खास बात यह है कि सभा की शुरूआत गयाजी से होगी। अगला पड़ाव तारापुर रहेगा। ये दोनों क्रमश: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विधानसभा क्षेत्र हैं।



चेतन ने कहा कि उनके पिता आनंद मोहन की रिहाई के राज्य सरकार के निर्णय को सुप्रीम कोर्ट ने रद कर दिया है। वे न्यायालय के निर्णय का सम्मान करते हैं। मगर पूरे प्रकरण में राजनीतिक हस्तक्षेप को भी देखते हैं। क्या इस मुहिम में आपकी पार्टी जदयू के कार्यकर्ता भी शामिल हो रहे हैं? चेतन ने इसका स्पष्ट उत्तर नहीं दिया। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के सहयोग लेने के प्रश्न को भी उन्होंने टाल दिया।
मालूम हो कि 2020 के विधानसभा चुनाव में राजद टिकट पर जीते चेतन आनंद ने 2024 में तत्कालीन नीतीश सरकार का समर्थन किया था। औपचारिक तौर पर बिना दल बदले वे जदयू में शामिल हो गए थे। उस समय तेजस्वी ने कहा था कि जरूरत पड़ी तो हम आपका साथ देंगे। जदयू की सांसद लवली आनंद ने कहा कि जी कृष्णैया की पत्नी की याचिका पर आनंद मोहन की रिहाई वाले वाले राज्य सरकार के आदेश को रद किया गया। क्योंकि वह पीड़ित थीं। उन्होंने कहा-इस पूरे प्रकरण में असली पीड़ित वह स्वयं हैं। आनंद मोहन को महज हत्या का आरोप लगाकर उस समय जेल में बंद कर दिया गया, जब हमारे बच्चे छोटे थे। न्यायालय हमारा पक्ष भी सुने।

