
रांची। झारखंड में कई जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों ने कांग्रेस कोटे के चारों मंत्रियों को हटाकर नए चेहरों को मौका देने का आग्रह किया। जिलाध्यक्षों के साथ गोपनीय बैठक में प्रभारी का मकसद सभी जिलों के अध्यक्षों के मन की बात को टटोलना था और इस क्रम में मन की बात के साथ नेताओं ने भड़ास भी जमकर निकाली। बागी नेताओं को जुटाकर कार्यक्रम का पूरा आयोजन बागी गुट ने ही किया था। इसकी कानोकान जानकारी किसी मंत्री को नहीं लगी। कांके रोड स्थित होटल मेरिएट में जिलाध्यक्षों ने ही इस पूरे आयोजन का दारोमदार उठाया था। यहां जिला अध्यक्षों ने शिकायत की कि कांग्रेस के मंत्री आते हैं तो उन्हें कोई तरजीह नहीं देते। और तो और झामुमो के मंत्री जहां अपने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाते हैं।वहीं, कांग्रेस के मंत्री अपने ही कार्यकर्ताओं को हीन भावना से देखते हैं। इसका नतीजा यह है कि जिलास्तर के अधिकारी भी कांग्रेस नेताओं को तरजीह नहीं देते हैं। बीडीओ-सीओ भी भाव नहीं देते हैं।पलामू कांग्रेस की जिलाध्यक्ष विमला देवी बैठक के दौरान अपना दुखड़ा सुनाते हुए रोने लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के द्वारा सरेआम उन्हें जलील किया जाता है। उनका एवं उनके समर्थकों का काम भी नहीं हो रहा है। ऐसे में कार्यकतार्ओं को बचाकर रखना मुश्किल हो रहा है। विमला देवी का कहना था कि जब मंत्री ही जिलाध्यक्षों की अनदेखी करेंगे तो जिले में कांग्रेस के कार्यकतार्ओं का सहारा कौन होगा। इसी प्रकार कोडरमा के जिलाध्यक्ष का भी दुखड़ा सभी ने सुना। जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक की आंखों में भी आंसू दिख रहे थे। कई जिला अध्यक्षों ने कांग्रेस प्रभारी को पार्टी कोटे के चारों मंत्रियों से मुक्ति पाने की सलाह देते हुए कहा कि अगर बहुत आवश्यक हो तो सरकार को बाहर से समर्थन दिया जाए। कांग्रेस के कई जिला अध्यक्ष इस तरह की बातें पहले भी कर चुके हैं।




