
रांची। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को कहा कि वह झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में झारखंड जाएंगे। दीपके ने अपने गृह नगर छत्रपति संभाजीनगर में सीजेपी की कोर टीम की बैठक से पहले संवाददाताओं से कहा कि फिलहाल उनका युवा आंदोलन दबाव बनाने वाले समूह के रूप में काम करेगा क्योंकि इस समय भारत को इसकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि बैठक में, मीडिया और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं पर लोगों के घटते भरोसे पर चर्चा की जाएगी ओर साथ ही एथनॉल मिश्रित ईंधन और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।दीपके से जब पूछा गया कि क्या वह झारखंड में हो रहे इस आंदोलन का समर्थन करेंगे, तो उन्होंने कहा कि हम निश्चित रूप से झारखंड जाएंगे। हम उनके साथ खड़े होंगे और आंदोलन में उनकी हर मांग का समर्थन करेंगे। कॉकरोच जनता पार्टी के राजनीति में आने के सवाल पर दीपके ने कहा कि मीडिया उनकी पार्टी से ज्यादा उत्साहित नजर आ रहा है।उन्होंने कहा कि लोगों का न्यायपालिका, राजनीति, मीडिया और निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाओं से भरोसा उठता जा रहा है। हमारे आंदोलन को पूरे देश से समर्थन मिला। जैसे-जैसे आंदोलन आगे बढ़ा, उसका दायरा केवल शिक्षा से जुड़े मुद्दों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इन संस्थाओं से जुड़े सवाल भी सामने आए। इसलिए इन संस्थाओं में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए दबाव बनाने वाले एक जन समूह की जरूरत है। अभिजीत दीपके ने कहा कि राजनीतिक दलों की स्थिति बहुत खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि लोग सुबह एक पार्टी को वोट देते हैं, लेकिन शाम तक किसी और पार्टी की सरकार बन जाती है।




