धनबाद। कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लिए बोनस को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारियों को 1 लाख 10 हजार 250 रुपये का परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवार्ड (PLR) देने पर सहमति बन गई है। इस फैसले से कोल इंडिया के करीब दो लाख गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।कोल इंडिया की एपेक्स जेसीसी की बैठक में PLR की राशि को लेकर प्रबंधन और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई।

बैठक में 1 लाख 10 हजार 250 रुपये की राशि पर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है। एचएमएस के महासचिव हरभजन सिंह सिद्धू ने भी इस राशि की पुष्टि की है।शुक्रवार को कोल भवन, कोलकाता में हुई बैठक में एचएमएस से हरभजन सिंह सिद्धू, सीटू से डी.डी. रामानंदन, एटक से लखनलाल महतो समेत अन्य ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रबंधन की ओर से निदेशक मार्केटिंग सह प्रभारी निदेशक मानव संसाधन मुकेश चौधरी, निदेशक वित्त मुकेश अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पिछले वित्त वर्ष में कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को 1 लाख 3 हजार रुपये PLR के रूप में मिले थे। इस बार राशि में 7 हजार 250 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।PLR की बढ़ी हुई राशि का लाभ कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों, जैसे बीसीसीएल, सीसीएल, ईसीएल, एनसीएल, एसईसीएल, डब्ल्यूसीएल और एमसीएल में कार्यरत गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को मिलेगा।अब कर्मचारियों को बोनस भुगतान की आधिकारिक प्रक्रिया और उनके बैंक खातों में राशि आने की तारीख का इंतजार है।कोल इंडिया कर्मचारियों का PLR।वित्त वर्ष 2025-26 का PLR: 1,10,250 रुपये।पिछला PLR: 1,03,000 रुपये।बढ़ोतरी: 7,250 रुपये।लाभार्थी: करीब 2 लाख गैर-कार्यकारी कर्मचारी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version