
औरंगाबाद:बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने समृद्धि यात्रा के दौरान औरंगाबाद जिले को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने देव में मेडिकल कॉलेज और रिंग रोड निर्माण की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने बताया कि देव में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए 429 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह कॉलेज 33.77 एकड़ भूमि पर बनेगा, जिसमें 100 सीटों के साथ 430 बेड का अस्पताल भी होगा। उन्होंने कहा कि इससे जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।इसके साथ ही देव में करीब 13 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाया जाएगा, जिसके लिए 142.24 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही विशुनपुर कैनाल और केशर डैम परियोजनाओं का लाभ किसानों को मिलने की बात कही।शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने घोषणा की कि जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां जुलाई 2026 से पढ़ाई शुरू की जाएगी।सीएम ने कहा कि राज्य में 2018 से हर घर तक बिजली पहुंचाई गई है और पिछले सात महीनों से बिजली बिल नहीं लिया जा रहा है। इसके अलावा औरंगाबाद की 202 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केंद्र खोले जाएंगे।इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी और डॉ. संतोष कुमार सुमन समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
