
रांची। झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के बीजेपी में जानें की अटकलें है। इस बीच कोल्हान प्रमंडल के पूर्व डीआईजी और बीजेपी नेता राजीव रंजन सिंह ने कहा कि अगर चंपाई दा आते हैं तो इससे ज्यादा खुशी की बात नहीं हो सकती है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया से मुझे जो जानकारी मिली है और खबरें चल रही हैं। अगर ये खबर सही है तो हम यही कहेंगे कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है, देश की ऐसी पार्टी है, जिसमें हर राष्ट्रभक्त को ज्वाइन करना चाहिए। चाहे वो किसी भी पार्टी में हो।
पूर्व डीआईजी ने कहा कि जेएमएम में गुरुजी के बाद चंपाई दा सीनियर और बेहद ही सम्मानित नेता हैं। तो हम समझते हैं कि जिस तरह से उन्हें हटाया गया ये किसी भी सम्मान रखने वाले व्यक्ति के लिए, किसी भी आत्म सम्मान वाले व्यक्ति के लिए कही न कही जरुर ठेस पहुंचा होगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के अंदर क्या है, ये तो पार्टी समझेगी लेकिन उनकी जगह पर कोई भी रहेगा तो उसके आत्म सम्मान को जरुर ठेस पहुंचेगा। क्योंकि एक बार सार्वजनिक रुप से स्टेटमेंट देकर फिर अचानक बैक हो जाना, इससे स्वाभिमान को चोट तो लगता ही है।
उन्होंने कहा कि अभी बांग्लादेश की घटना ने हमलोगों को दिखा दिया कि अगर देश को बचाना है तो एक ही विकल्प है, वो है बीजेपी। अगर चंपाई दा आते हैं तो हम समझते हैं कि इससे ज्यादा खुशी हमलोगों को और कोल्हान वासियों को नहीं होगी। इसलिए वे बीजेपी आयें और पार्टी को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन को जब सीएम पद से हटाया गया था तो उस समय हमलोगों को भी लगा था। जेल से बाहर आने के बाद खुद हेमंत सोरेन ने अपने मुंह से बोला था कि अब चंपाई दा अगले तीन महीने तक सरकार चलाएंगे और मैं संगठन चलाऊंगा।
