
रांची। पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के कद्दावर नेता चंपई सोरेन सोमवार को दिल्ली में ही रहे। भाजपा के केंद्रीय नेताओं से उनकी मुलाकात नहीं हुई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को दिल्ली से बाहर थे। चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने का मामला झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ही देख रहे हैं। भाजपा के संगठन प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी सोमवार को मेरठ में थे। ऐसे में चंपई सोरेन को मुलाकात के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
हालांकि, चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की रूपरेखा तय कर ली गई है, लेकिन औपचारिक मुलाकात के बाद ही इसकी घोषणा की जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जरूर दिल्ली में मौजूद थे, लेकिन उनसे मिलने की कोई योजना नहीं थी। चंपई सोरेन को भाजपा में शामिल कराने के लेकर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा समेत दूसरे नेताओं से भी विमर्श किया गया है। चंपई सोरेन के भाजपा में आने से पड़ने वाले प्रभाव का आकलन कर इसकी सहमति दी गई है।
