
रामगढ़। रामगढ़ जिले के सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) अरगड़ा क्षेत्र में बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने जनआंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सीसीएल अरगड़ा महाप्रबंधक कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया गया है।सांसद मनीष जायसवाल के सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडे ने कहा कि अरगड़ा क्षेत्र में सीसीएल प्रबंधन की लापरवाही के कारण लोग लंबे समय से परेशान हैं। लगातार बाधित बिजली आपूर्ति और पेयजल संकट जैसी समस्याओं से आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। श्री पांडे ने कहा कि क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर 19 मई को आयोजित होने वाले घेराव कार्यक्रम को सफल बनाएं, ताकि सीसीएल प्रबंधन को जनसमस्याओं के समाधान के लिए मजबूर किया जा सके।जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जा सके और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार साझा किए और आंदोलन को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की। साथ ही यह निर्णय भी लिया गया कि अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।




