
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने ऑडियो संदेश भेजकर खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया और अभिनेता से मोटी रकम की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी है। पुलिस की तकनीकी टीम ने अभिनेता को भेजे गए धमकी भरे ऑडियो की जांच की और उसकी आवाज का मिलान अपने डेटाबेस में मौजूद हैरी बॉक्सर के वास्तविक ऑडियो सैंपल से किया।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ऑडियो सैंपल का मिलान नहीं हुआ है। ऐसे में शुरुआती जांच में धमकी को फर्जी होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल किया हो।
फिलहाल पुलिस उस अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने अभिनेता को धमकी भरा ऑडियो भेजा था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस मामले के पीछे किसी शरारती व्यक्ति का हाथ है या फिर कोई संगठित गिरोह शामिल है।
फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं तुषार कपूर
तुषार कपूर बॉलीवुड के प्रतिष्ठित कपूर परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह दिग्गज अभिनेता जितेंद्र और निर्माता शोभा कपूर के बेटे हैं। उनकी बहन एकता कपूर टेलीविजन और फिल्म जगत की जानी-मानी निर्माता हैं।
तुषार कपूर ने ‘मुझे कुछ कहना है’, ‘क्या दिल ने कहा’, ‘जीना सिर्फ मेरे लिए’ और ‘ये दिल’ जैसी फिल्मों में काम किया है। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता कॉमेडी फिल्मों से मिली। ‘क्या कूल हैं हम’ सीरीज और ‘गोलमाल’, ‘गोलमाल रिटर्न्स’ तथा ‘गोलमाल 3’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। वहीं, फिल्म ‘शोर इन द सिटी’ में उनके गंभीर अभिनय की भी सराहना हुई थी।

