
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक आतंकवादी हमले में पुलिसकर्मी की मौत के कुछ घंटे बाद प्रशासन ने लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों के मकान ढहा दिए। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सक्रिय आतंकवादी आदिल ठोकर और हारून रशीद गनई के मकान बुधवार और गुरुवार की रात ध्वस्त कर दिए गए।
उन्होंने बताया कि ये कार्रवाई बुधवार दोपहर अनंतनाग के लाल चौक में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की एक आतंकवादी द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ ही घंटे बाद की गई। कश्मीर में इससे पहले भी सक्रिय आतंकवादियों के मकान ढहाए गए हैं, लेकिन हिंसा की घटनाओं में कमी आने के कारण पिछले लगभग एक साल से ऐसी कार्रवाई बंद थी।
आतंकवादियों के खिलाफ आॅपरेशन शुरू : सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है और आतंकवादियों का पता लगाने के लिए आॅपरेशन शुरू कर दिया है। अमरनाथ यात्रा के बीच अनंतनाग शहर में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण पिछले चार दिनों से यात्रा रुकी हुई है। जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश जारी रही, जिससे जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को बुधवार को बंद करना पड़ा। केंद्र शासित प्रदेश में कई जगहों पर भूस्खलन और अचानक बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है. जिस वजह से यहां यात्रियों के लिए इन प्रमुख यात्राओं को बंद करना पड़ा।
