बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में शादी समारोह के दौरान जयमाला कार्यक्रम में दुल्हन को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल दुल्हन ने वाराणसी ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोला की है। मंगलवार रात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से बारात आई थी। नंद जी मल्लाह की बेटी आरती कुमारी की शादी की रस्में चल रही थीं। जयमाला के लिए जैसे ही दुल्हन मंच पर पहुंची, तभी पड़ोस में रहने वाला युवक दीनबंधु अचानक स्टेज के पास पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने शर्ट के नीचे से पिस्तौल निकालकर दुल्हन पर गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन मंच पर गिर पड़ी और अफरा-तफरी मच गई। समारोह में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल दुल्हन को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी युवक पिछले दो वर्षों से युवती से एकतरफा प्रेम करता था। उसका घर भी दुल्हन के घर के पास बताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version