
रांची। भारत निर्वाचन आयोग के निदेर्शानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत रांची जिले में इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल आॅफिसर (बीएलओ) रविवार सुबह से ही घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण और संग्रहण कर रहे हैं।उपायुक्त ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन सुबह अधिक से अधिक घरों तक पहुंचकर फॉर्म का वितरण और संग्रहण सुनिश्चित करें, क्योंकि इस समय अधिकांश मतदाता अपने घरों पर उपलब्ध रहते हैं। इससे पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित होने के साथ अभियान को भी गति मिलेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि दोपहर बाद बीएलओ द्वारा संग्रहित इन्यूमरेशन फॉर्म का समयबद्ध डिजिटाइजेशन किया जाए, ताकि वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समानांतर रूप से प्रभावी ढंग से संचालित हो सके तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।अभियान के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित किया। इस दौरान उन्हें इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने के साथ उसकी प्रक्रिया संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ के साथ पूरा सहयोग करें और इन्यूमरेशन फॉर्म सही एवं पूर्ण रूप से भरकर निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
