
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव में बुलेट ट्रेन की रफ्तार से 400 का आंकड़ा पार करेगी। बुधवार शाम अमीनाबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए श्री योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा का घोषणा पत्र पूरी तरह से झूठ का पुलिंदा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने भाषा, जाति और क्षेत्र के आधार पर जनता को बांटने का काम किया है। इनकी सरकारों के दौरान राजनीतिक स्वार्थ के लिए आतंकवाद और नक्सलवाद को बढ़ावा दिया गया।
लखनऊ लोकसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के लिए जनता से वोट की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि चार चरण में हुई अब तक की वोटिंग की आंच कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर पड़ चुकी है। अब उन्हें झूठ का सहारा लेना पड़ रहा है। सुबह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कह रहे थे कि हम विचारधारा की लड़ाई लड़ रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि उनकी कौन सी विचारधारा है। उन्होंने हमेशा देश में विभाजन की राजनीति की है। भारत के विभाजन से लेकर स्वार्थ के लिए भाषा, जाति और क्षेत्र के आधार पर बांटने का काम किया है। अब इनके पास कोई आधार नहीं बचा तो भारत की आस्था पर प्रहार करने लगे हैं। इनका इतिहास इस बात के लिए कलंकित है। इन्हें जब भी मौका मिलता है तो ये राजनीतिक स्वार्थ के लिए आतंकवाद और नक्सलवाद को बढ़ावा देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनमें से एक श्रीराम के अस्तित्व को नकारता रहा है, जबकि दूसरा रामभक्तों पर गोली चलवाता था। सही मायनों में देखें तो अबतक जिस प्रकार की लहर देश में है, आज पूरा देश एक स्वर में कह रहा है कि फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार।
योगी ने कहा कि विपक्ष को भारत में कोई समर्थन नहीं मिल रहा है तो पाकिस्तान से अपने पक्ष में बयानबाजी कराई जा रही है। एक भारत है जिसने कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी, वहीं पाकिस्तान में 23 से 24 करोड़ की आबादी भूखों मर रही है। वहां एक किलो आटा के लिए सड़कों पर उपद्रव और मारपीट हो रहे हैं। उस पाकिस्तान का राग अलापने वाले कांग्रेस और सपा के लोग कहते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ न बोलो क्योंकि उसके पास एटम बम है। अगर उनके पास एटम बम है तो हमारे एटम बम क्या फ्रीज में रखने के लिए हैं। पूरा देश देख रहा है कि ये किसकी वकालत कर रहे हैं।
राम द्रोहियों को केवल परिवार की चिंता : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बुंदेलखंड के महोबा और जालौन लोकसभा क्षेत्रों में जनसभा को संबोधित किया जबकि झांसी में रोड शो के माध्यम से भाजपा और एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील की।इस दौरान योगी विपक्षी दलों पर हमलावर रहे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान किया। महोबा में उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को पानी के लिए तरसाने वालों की जमानत जब्त होनी चाहिए तो वहीं जालौन में आयोजित जनसभा में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जवाब देते हुए कहा कि यह चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच है। राम द्रोहियों को केवल अपने परिवार की चिंता है, जबकि मोदी जी के लिए 140 करोड़ का भारत ही उनका परिवार है। वहीं झांसी में सीएम योगी ने भव्य रोड शो किया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग उमड़े और यात्रा मार्ग भगवामय नजर आया। रथ पर कमल का निशान हाथ में लिये जब योगी का रथ आगे बढ़ा तो चारों ओर से पुष्पवर्षा होने लगी । बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम एकत्र नजर आया और अपने लोकप्रिय नेता को देखने लोग यात्रा मार्ग के दोनों ओर बने मकानों और इमारतों पर भारी संख्या में मौजूद रहे।
