रांची। राज्य के 48 नगर निकायों के हुए चुनाव में भाजपा ने बढ़त बनाई है। शुक्रवार से शुरू हुई मतगणना के तहत खबर लिखे जाने तक जिन निकायों का परिणाम आ चुका था, उनमें सबसे अधिक सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को जीत मिली। कई जगहों पर इसके द्वारा समर्थित प्रत्याशी आगे भी चल रहे थे। कुछ निकायों में झामुमो समर्थित प्रत्याशियों को भी जीत मिली है।

कई सीटों पर इसके समर्थित प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे हैं। अभी तक कांग्रेस को इस चुनाव में निराशा हाथ लगी है। इस बार गैर दलगत चुनाव हुआ था, लेकिन लगभग सभी दलों ने प्रत्याशियों को समर्थन दिया था। हुसैनाबाद नगर पंचायत में बसपा समर्थित प्रत्याशी को भी जीत मिली है।

नगर निगम में महापौर पद की बात करें तो अरविंद कुमार राणा हजारीबाग नगर निगम के महापौर निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी सरफराज अहमद को हराया। रांची नगर निगम में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रोशनी खलखो कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सह पूर्व महापौर रमा खलखो से लगातार आगे चल रही हैं।

वहीं, धनबाद में पूर्व विधायक संजीव सिंह दूसरे राउंड में लगभग 10 हजार मतों से आगे थे। नगर परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में आशीष कुमार सोनी गढ़वा तथा अनिल उरांव लोहरदगा नगर परिषद के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। शकुंतला उरांव गुमला नगर परिषद की अध्यक्ष बनी हैं।

चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर झामुमो समर्थित नितिन प्रकाश ने जीत हासिल की है। हुसैनाबाद नगर पंचायत में बसपा समर्थित प्रत्याशी अजय भारती को जीत मिली है। कई सीटों पर प्रत्याशी अपने दम पर भी चुनाव जीते हैं।

23 फरवरी को राज्य के नौ नगर निगम, 20 नगर परिषद तथा 19 नगर पंचायत में चुनाव के लिए मतदान हुआ था। मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 562 और वार्ड पार्षद व पंचायत सदस्य के 5,562 प्रत्याशियों को पड़े वोटों की गणना शुक्रवार को हुई। मतगणना के लिए लिए राज्यभर में 25 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सभी जिलों में एक-एक मतगणना केंद्र है। सिर्फ देवघर जिले में देवघर के अलावा मधुपुर में भी मतगणना केंद्र बनाया गया था।

यह भी उल्लेखनीय है कि कुल 1,042 वार्डों में ही पार्षद के लिए चुनाव हुआ था। कुल 1087 वार्डों में 41 में निर्विरोध निर्वाचन हुआ था, जबकि तीन वार्डों में शून्य नामांकन हुआ था। एक वार्ड में एक प्रत्याशी के निधन के कारण वहां चुनाव रद कर दिया गया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version