रांची । बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा में 10 अक्टूबर 2026 को 36वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष और भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. अजीत कुमार मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को उपाधियाँ (डिग्रियाँ) प्रदान की जाएंगी।

दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर संस्थान में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें परीक्षा नियंत्रक डॉ. रितेश कुमार सिंह, दीक्षांत समारोह समिति के अध्यक्ष प्रो. टी. घोष, डॉ. मृणाल कुमार पाठक एवं डॉ. कृति अविषेक ने कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। साथ ही संस्थान की शैक्षणिक व अनुसंधान के क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. अजीत कुमार मोहंती दीक्षांत भाषण देंगे। वे विद्यार्थियों को करियर में नवाचार अपनाने, शोध को बढ़ावा देने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।

मेसरा कैंपस में आयोजित होने वाले इस समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां सौंपी जाएंगी। इस अवसर पर संस्थान के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, जिसमें बीते वर्ष के दौरान संस्थान के अनुसंधान, औद्योगिक सहयोग एवं शैक्षणिक समझौतों का ब्योरा शामिल होगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version