पटना। बिहार में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को EOU की अलग-अलग टीमों ने भागलपुर, मुंगेर, पटना और मुजफ्फरपुर में उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।

बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर नारद कुमार दास के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26 दर्ज किया गया है। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।

तलाशी के लिए विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से वारंट प्राप्त किया गया था। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर गुरुवार सुबह से सभी ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।

EOU के मुताबिक, जांच में प्रथम दृष्टया नारद कुमार दास द्वारा उनकी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से 83.53 लाख रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 फीसदी अधिक बताई गई है।

जिन स्थानों पर तलाशी ली जा रही है, उनमें भागलपुर के हनुमान पथ और तिलकामांझी स्थित आवास, मुंगेर के बेलन बाजार बंगाली टोला स्थित परिसर और स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल का सरकारी कार्यालय, मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर स्थित राधिका अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 2एफ तथा पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के कुसुमपुरम स्थित आवास शामिल हैं।

तलाशी के दौरान EOU की टीमें दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। एजेंसी के अनुसार, छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version