
पटना । बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा की शुरुआत की। सीएम ने एक अणे मार्ग से 20 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य के कुल 6 शहरों के लिए जिसमें पटना के लिए 8, मुजफ्फरपुर 4, दरभंगा 2, पूर्णिया 2, भागलपुर 2 और गया के लिए 2 बसों की सेवा आज से शुरू हो रही है। हालांकि, महिला ड्राइवर नहीं मिलने से अभी पुरुष ड्राइवर इन बसों को चलाएंगे। बहरहाल, सभी बसों में महिला कंडक्टर रहेंगी। ये सभी बसें शहरी क्षेत्र में संचालित होंगी। खास बात यह है कि इस बस पर सिर्फ महिला सवारी सफर कर पाएंगी। इस बस में CCTV कैमरे से लेकर सारे सुरक्षा के इंतज़ाम किये गए हैं। आगे 166 और बसों की अंतरजिला पिंक बस सेवा शुरू करने की तैयारी है।



बिहार सरकार ने महिलाओं के सुरक्षित सफर के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। जी, हां अब पटना समेत 6 शहरों में महिला यात्रियों को सस्ते किराये में यात्रा करने के लिए पिंक बस सेवा की शुरुआत की गई है, जिससे लाखों की संख्या में महिलाओं को लाभ मिलेगा। जानकारी के मुताबिक, शहर के विभिन्न रूटों पर प्रतिदिन 13 घंटे ये सेवाएं संचालित होगी। ये सभी बसें सिर्फ महिलाओं के लिए डेडिकेटेड होंगी। प्रत्येक बस में 25 सीटें होंगी और हर सीट के नीचे पैनिक बटन लगी होगी, जिसे आपात स्थिति में दबाया जा सकेगा।
दरअसल, कॉमन बसों में महिलाओं के लिए यात्रा करना काफी मुश्किल भरा होता है। लिहाजा, राज्य परिवहन निगम ने स्पेशल बसें चलाने का प्लान तैयार किया। इन पिंक बसों की खासियत ये है कि इनमें सिर्फ महिलाएं ही सफर कर सकेंगी। पुरुष यात्रियों की एंट्री पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगी। अगर, कोई पुरुष यात्री जबरदस्त बस में चढ़ने की कोशिश करता है तो महिला कंडक्टर उस पर सख्त कार्रवाई करेंगी, जिससे महिलाएं सुरक्षित और सहज यात्रा कर सकेंगी।
जानकारी के मुताबिक, बसों में सामान्य बसों के मुकाबले महिलाओं यात्रियों को 40 फीसदी कम किराया देना होगा। पिंक बसों का मासिक 400 रुपये छात्राओं के लिए, कामकाजी महिलाओं के लिए 550 रुपये और रोजाना सफर करने वाली महिला यात्रियों का टिकट 6 रुपये से लेकर 25 रुपये तक का होगा। पहली बस सुबह 7 बजे खुलेगी और रात्रि 8 बजे तक सेवाएं देंगी।
पटना पिंक बस रूट : जानकारी के मुताबिक, पटना के तीन रूटों पर बसें चलेंगी, जिनमें पटना सिटी से दानापुर, बाईपास-कंकड़बाग-अनीसाबाद-फुलवारी और बोरिंग रोड से दीघा रूट शामिल हैं।
बसों में फीचर की बात करें तो प्रत्येक बस 25 सीटर होगी और हर सीट के नीचे पैनिक बटन होगी, जो किसी भी तरह की समस्या या आपात स्थिति होने पर दबाने से चालक और परिचालक को मैसेज मिल जाएगा। हर बस सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम इंस्टॉल रहेगा, जो कंट्रोल रूम से हर बस की निगरानी होगी। ड्राइवर, कंडक्टर और अन्य स्टॉफ महिलाओं की सुरक्षा का ख्याल रखेंगे। पिंक बस सेवा महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के लिए बेहतर पहल साबित होगी। जानकारी के मुताबिक, आने वाले समय में इस सेवा का और विस्तार किया जाएगा और अन्य रूटों पर संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ मिल सके।

