
पटना। बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजविंदर सिंह भट्टी अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के प्रमुख बन गए हैं। केंद्र सरकार ने उनको CISF का महानिदेशक (DG) नियुक्त किया है। आरएस भट्टी दिसंबर 2022 से बिहार के DGP थे और उनकी छवि एक सख्त अधिकारी की रही है। हालांकि, उनका कार्यकाल विवादों से घिरा रहा और बिहार के कानून-व्यवस्था को लेकर उन पर लगातार सवाल उठते रहे। वैसे, किसी राज्य के पुलिस महानिदेशक रहते हुए केंद्रीय केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डायरेक्टर जनरल बनने वाले पहले व्यक्ति बने आरएस भट्टी हैं।
वहीं यूपी कैडर के 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी दलजीत सिंह चौधरी को सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ महानिदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है जो 30 नवंबर 2025 तक इस पद पर बने रहेंगे। बता दें कि दलजीत सिंह चौधरी वर्तमान में डीजी एसएसबी के रूप में कार्यरत थे।
आरएस भट्टी 1990 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी हैं और 30 सितंबर 2025 तक CISF के DG बने रहेंगे। केंद्र सरकार की अधिसूचना के अनुसार उनका कार्यकाल CISF में 13 महीने का होगा। आरएस भट्टी के बिहार से अचानक जाने को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि राज्य सरकार के साथ उनके संबंध अच्छे नहीं थे, जबकि अन्य का कहना है कि वो खुद केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाना चाहते थे।
हालांकि, आरएस भट्टी ने बिहार के DGP पद से इस्तीफा क्यों दिया, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आरएस भट्टी राज्य सरकार के ‘लगातार हस्तक्षेप’ से नाखुश थे। खबरों के मुताबिक, आरएस भट्टी तबादलों और नियुक्तियों में पूरी तरह से स्वतंत्रता चाहते थे, लेकिन राज्य सरकार ऐसा नहीं चाहती थी। कहा जा रहा है कि आरएस भट्टी और राज्य के मुख्यमंत्री के बीच इसी मुद्दे को लेकर कई बार तनातनी भी हुई थी।
