
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप लॉन्च किया। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुरू किए गए इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से करीब तीन लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बिहार विद्या साथी’ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐप के माध्यम से विद्यार्थी 24 घंटे पढ़ाई से जुड़ी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे।
पसंद के शिक्षक से वन-टू-वन पढ़ाई
ऐप की खासियत यह है कि विद्यार्थी अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर सकेंगे। करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग देंगे। पढ़ाई के दौरान किसी पाठ या विषय से जुड़ी समस्या का त्वरित और नि:शुल्क समाधान भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को सभी विषयों के लिए लाइव ट्यूटर सपोर्ट मिलेगा। वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को बिहार बोर्ड की पढ़ाई के साथ जेईई और नीट की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
एआई टूल्स से मजबूत होगी कॉन्सेप्ट की समझ
‘बिहार विद्या साथी’ में आधुनिक एआई आधारित टूल्स का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों की विषयों को समझने की क्षमता और कॉन्सेप्चुअल नॉलेज को मजबूत करने में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल यह व्यवस्था 700 विद्यालयों से शुरू की जा रही है। भविष्य में इसे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कर ज्ञान एवं कौशल को मजबूत करें।
कार्यक्रम में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाह्नवी और जिया ने ऐप के इस्तेमाल का लाइव प्रदर्शन किया और इसकी सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी और विद्यार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।

