
पटना। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि शिक्षा विभाग में डेढ़ लाख से अधिक पदों पर नियुक्ति होनी है। इन पदों पर बहाली के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी गयी है। इनमें प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक और कंप्यूटर शिक्षक आदि शामिल हैं।
शिक्षा मंत्री बुधवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि सभी विधायकों और विधान पार्षदों से 10-10 ऐसे सरकारी स्कूलों की सूची मांगी गई है, जो जर्जर स्थिति में हैं। इन स्कूलों के भवनों का राज्य सरकार जीर्णोद्धार कराएगी। कुछ जगहों पर यह काम भी शुरू भी कर दिया गया है। मदरसों में सिलेबस से जुड़े विवाद पर मंत्री ने कहा कि यह मामला संज्ञान में आने के बाद संबंधित अधिकारियों को छानबीन के निर्देश दिए गए हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सुधार के उपाय किये जाएंगे।
इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में 247 सहायक प्रोफेसर की होगी नियुक्ति : बिहार के इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों की संख्या बढ़ेगी। बिहार मंत्रिमंडल की बुधवार को हुई बैठक में इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के 116 पद तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में व्याख्याता के 131 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 31 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। मंत्रिमंडल सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि बैठक में बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के 116 पद, जिसमें अंग्रेजी 67, भौतिक 30 पद एवं गणित के 19 पद के सृजन की स्वीकृति दी गई है तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में व्याख्याता के 131 पद, जिनमें अंग्रेजी के 37, भौतिकी के 29, रसायन शास्त्र के 36 एवं गणित के 29 पद के सृजन की स्वीकृति दी गई है।
दंत चिकित्सकों की होगी बहाली : इसके अलावा बिहार के जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों सहित कई अन्य अस्पतालों के लिए बिहार दंत चिकित्सक सेवा के अधीन दंत चिकित्सक के 770 पदों की भी स्वीकृति बैठक में दी गई है।